हरिद्वार

सर्दियों की आहट के साथ बढ़ी अंडों की मांग, मुनाफे के चक्कर में ग्राहकों के साथ कथित धोखाधड़ी

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। वैसे तो अंडों का इस्तेमाल पूरे वर्ष किया जाता है। कई प्रकार के व्यंजनों में अंडों का प्रयोग स्वाद और पौष्टिकता बढ़ाने के लिए होता है। लेकिन जैसे-जैसे सर्दियों का मौसम नजदीक आने लगता है, वैसे-वैसे बाजार में अंडों की मांग तेजी से बढ़ने लगती है। मांग बढ़ने के साथ ही अंडों के दामों में भी उछाल देखने को मिलता है। इसी बढ़ती मांग और महंगाई का फायदा कुछ थोक विक्रेता उठाते नजर आते हैं। बाजार में छोटे और बड़े आकार के अंडे अलग-अलग मिलते हैं, लेकिन ग्राहकों में चर्चा है कि कुछ विक्रेता छोटे और बड़े अंडों को एक ही ट्रे में मिलाकर बेच देते हैं। इतना ही नहीं, बड़े अंडों की ट्रे में से कुछ बड़े अंडे निकालकर उनकी जगह छोटे अंडे रख दिए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। इस तरह ग्राहक बड़े अंडों की कीमत चुकाने के बावजूद मिश्रित आकार के अंडे घर ले जाने को मजबूर हो जाता है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है। ग्राहक पूरी कीमत देता है, लेकिन उसे उसके पैसे के अनुरूप सामान नहीं मिल पाता है। सवाल यह है कि आखिर चंद रुपये के अतिरिक्त मुनाफे के लिए ग्राहकों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जाता है। व्यापार का आधार विश्वास और ईमानदारी है, लेकिन जब मुनाफा कमाने की होड़ में ईमानदारी को पीछे छोड़ दिया जाता है, तो बाजार से ग्राहकों का भरोसा भी उठने लगता है। आज समाज में स्वार्थ और लालच इस कदर बढ़ता दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग अपने फायदे के लिए दूसरों के हितों की अनदेखी करने से भी पीछे नहीं हटते है। झूठ और धोखाधड़ी से कमाया गया मुनाफा कभी सम्मान नहीं दिला सकता। जरूरत है कि व्यापारी ईमानदारी से कारोबार करें और ग्राहक भी अंडे खरीदते समय उनके आकार तथा गुणवत्ता की जांच जरूर करें। आखिरकार ईमानदारी ही अच्छे व्यापार और स्वस्थ समाज की असली पहचान है।

Related Articles

Back to top button