हरिद्वार

भारतीय मजदूर परिषद की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, श्रमिकों और गरीबों के कल्याण को लेकर बनी रणनीति

अक्षय कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) ज्वालापुर। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ज्वालापुर वार्ड नंबर 50 में भारतीय मजदूर परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुई है। बैठक में श्रमिकों, मजदूरों, सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण एवं गरीब वर्ग के कल्याण तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है। बैठक में संगठन की विचारधाराओं को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को परिषद से जोड़ने का संकल्प लिया गया है। इसके साथ ही समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को शिक्षा के लिए प्रेरित करने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान को गति देने पर भी विशेष जोर दिया गया है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ चौधरी ने कहा कि भारतीय मजदूर परिषद श्रमिकों, मजदूरों, सफाई कर्मचारियों और समाज के गरीब एवं वंचित वर्गों के अधिकारों तथा सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उठाना, उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देना और योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि परिषद में अधिक से अधिक व्यक्तियों को जोड़ने के लिए लगातार कर्मठता के साथ प्रदेशभर में सदस्यता अभियान भी चलाया जा रहा है। भारतीय मजदूर परिषद के जिला हरिद्वार अध्यक्ष इस्लाम अब्बासी ने परिषद को मजबूत बनाने और परिषद के उद्देश्यों को आमजन तक पहुंचाने के संबंध में अपने विचार रखे हैं। बैठक में उपस्थित गणों ने एकजुट होकर जनहित और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर पूर्व पार्षद सरफराज गौड़, किशोर कुमार, प्रमोद कुमार, नाजिर हुसैन, शाहिद हुसैन, वसीम अहमद, नसीम अहमद, तनवीर खान, दानिश अहमद एवं मोहम्मद औशाफ आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button