टीबी मरीजों के स्वास्थ्य की चिंता, 100 क्षय रोगियों को वितरित की गई पोषण किट
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत शनिवार, 28 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद में उपचाराधीन क्षय रोगियों के लिए पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय चिकित्सालय, जॉलीग्रांट द्वारा गोद लिए गए तथा आस संस्था के माध्यम से उपचार प्राप्त कर रहे 100 टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी से पीड़ित मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दिशा में सहयोग करना रहा। इस पहल के माध्यम से मरीजों को यह संदेश भी दिया गया कि टीबी के उपचार में नियमित दवाओं के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार का विशेष महत्व है। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल सिंह तोमर, आस संस्था से श्रीमती हेमलता, राज्य स्तर से पंकज सोनी तथा जनपद स्तर से डीपीसी अनिल नेगी, एसटीएस सलीम, सुधीर, प्रेरणा एवं स्वरूप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं संस्था के प्रतिनिधियों ने टीबी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षय रोग उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ सामाजिक संस्थाओं और समाज के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। मरीजों को समय पर उपचार, पौष्टिक भोजन और आवश्यक सहयोग मिलना उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए अहम है। कार्यक्रम के माध्यम से उपचाराधीन 100 टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य और बेहतर जीवन की दिशा में सहयोग का प्रयास किया गया है।









