हरिद्वार

कुंभ मेला की तैयारियों को मिली नई गति, एडीजी प्रशासन ए.पी अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का किया विधिवत उद्घाटन

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए आज एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल, कुंभ मेला-2027 का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सर्वप्रथम सलामी ग्रहण की। इसके बाद रिबन काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर पुलिस लाइन का शुभारंभ किया। उद्घाटन के उपरांत एडीजी प्रशासन ने पूरी पुलिस लाइन का भ्रमण कर वहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रहने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने टेंटेज में तैयार की गई बैरकों, अस्थायी जीडी कार्यालय, कैश कार्यालय सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अभिलेखों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया और व्यवस्थाओं को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस जवानों की ब्रीफिंग के दौरान एडीजी प्रशासन को कुंभ मेले की तैयारियों एवं पुलिस बल द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल सहित अधिकारियों एवं पुलिस जवानों की मेहनत और समर्पण से अवगत कराते हुए मुख्यालय स्तर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया। ब्रीफिंग के दौरान एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक संबंधी चुनौतियों, सुरक्षा पहलुओं एवं फायर सर्विस प्लान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम वर्क की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला एक विशाल धार्मिक आयोजन है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को केवल अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण कुंभ क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्रमुख मार्गों, व्यवस्थाओं एवं आध्यात्मिक महत्व की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित निर्णय और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना बेहद जरूरी है। एडीजी प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को कुंभ मेले की जिम्मेदारियों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button