अलर्ट, हर प्रमुख घाट और मार्ग पर जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात: डीएम
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर 25 मई 2026 (सोमवार) को होने वाले पवित्र स्नान को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित करते हुए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशीलता, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा पर्व पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। प्रशासन द्वारा हर की पैड़ी, मालवीय दीप, सुभाष घाट, मनसा देवी, अपर रोड, ऋषिकुल मैदान, खड़खड़ी-सप्तऋषि, रोडी बेलवाला, कनखल, सिंहद्वार तथा चंडी देवी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में अधिकारियों की तैनाती की गई है। हर जोन में अलग-अलग जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जबकि घाटों, पार्किंग स्थलों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट विशेष निगरानी रखेंगे। हर की पैड़ी जोन में सचिव हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि मालवीय दीप क्षेत्र में उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह, सुभाष घाट में दयानंद सरस्वती, मनसा देवी क्षेत्र में जितेन्द्र कुमार तथा खड़खड़ी-सप्तऋषि क्षेत्र में डिप्टी कलेक्टर आकाश जोशी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24 मई से 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसकी प्रभारी श्रीमती मीरा रावत होंगी। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, ट्रैफिक एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखने तथा नगर निगम को साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) फिंचा राम चौहान को संपूर्ण जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था का प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और गंगा दशहरा स्नान को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग की अपील की है।









