जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अपील, स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को गति देने और तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से जनपदभर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित इस अभियान का शुभारंभ बुधवार को हरकी पौड़ी से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में किया गया। अभियान में श्रीगंगा सभा, नगर निगम, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत यह विशेष स्वच्छता अभियान जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 7 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत गंगा घाटों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और उनके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, संत समाज, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों एवं आमजन से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से न केवल स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ेगी, बल्कि तीर्थनगरी को स्वच्छ, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाने में भी मदद मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां प्रतिवर्ष देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। ऐसे में मां गंगा की पवित्रता बनाए रखना और धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में शुरू किया गया यह अभियान 7 नवंबर तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने धार्मिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और जनपदवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी हरिद्वार की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके। नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की ने भी आमजन से स्वच्छता अभियान में पूर्ण सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के माध्यम से चलाए जा रहे अभियान को जनसहभागिता से और प्रभावी बनाया जा सकता है। अभियान के पहले दिन करीब दो कुंतल सूखा एवं गीला कूड़ा एकत्रित किया गया। स्वच्छता अभियान के शुभारंभ अवसर पर श्रीगंगा सभा से वीरेंद्र कौशिक, अनुराग सरदार, हिमांशु, अनुराग सहित सभा के कर्मचारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, नगर निगम के पर्यावरण मित्र तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









