तृतीय राज्य स्तरीय सब जूनियर अंडर-17 शूटिंग बॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में देहरादून के बालक वर्ग ने मारी बाजी
इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। दून पब्लिक स्कूल में तृतीय राज्य स्तरीय सब-जूनियर अंडर-17 शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक जहीर अहमद एवं प्रधानाचार्य गौरव शर्मा ने चैंपियनशिप में पहुंचे अतिथियों का स्वागत कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ कराया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के आठ जिलों उधम सिंह नगर, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी, अल्मोड़ा एवं उत्तरकाशी की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मेयर गौरव गोयल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति एवं एसके गुप्ता (अध्यक्ष, हरिद्वार यूनिवर्सिटी) मौजूद रहे। समापन समारोह के अतिथि लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। अन्य विशिष्ट अतिथियों में सुभाष सैनी, जय भगवान सैनी एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी भी मौजूद रही। खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत सेमीफाइनल मुकाबला हरिद्वार और देहरादून के बीच खेला गया, जिसमें देहरादून ने बालक वर्ग में शानदार जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में देहरादून और उधम सिंह नगर आमने-सामने रहे, जिसमें देहरादून टीम ने 3-0 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया, वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में उधमसिंह नगर और हरिद्वार के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें उधम सिंह नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस अवसर पर शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल सहित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी (सूरज रोड),अब्दुल्ला अली जहीर,हिमांशु शर्मा, सैम अली, अभिषेक कुमार, तनु शर्मा, आसिफ, ज्योति, दीपाली आदि ने विजेता खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को मंच देने का संकल्प लिया।









