Haridwar: पुलिस ने नकली नोट गिरोह का किया पर्दाफाश, 50 हजार के जाली नोट, लैपटॉप और प्रिंटर बरामद
एसएसपी के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नकली नोट तैयार करने वाले एक संगठित गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 50 हजार रुपए के छपे हुए नकली नोट, लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन तथा नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को इसी मामले में 52,500 रुपए के नकली नोटों के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद विवेचना जारी थी। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आरोपी क्विड कार से नकली नोट छापने के उपकरण और तैयार जाली नोटों को ठिकाने लगाने के लिए बड़ापुर (बिजनौर) की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने लालढांग तिराहे पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली नोट बनाने में प्रयुक्त लैपटॉप, एचपी और कैनन कंपनी के प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, 500 रुपए के चार असली नोट तथा 25 पेपर शीट बरामद की गईं, जिन पर करीब 50 हजार रुपए के नकली नोट छपे हुए थे और उनकी कटिंग बाकी थी। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह का सदस्य गुलजार ऑनलाइन विशेष प्रकार का पेपर मंगाता था, जबकि शगुन असली नोट की फोटो लेकर सॉफ्टवेयर और एप की मदद से उसकी गुणवत्ता बढ़ाकर प्रिंट तैयार करता था। आरोपी देवेन्द्र ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छापे थे, जिनमें से लगभग ₹60 हजार के नोट बाजार में चला दिए गए थे। अधिक मुनाफे के लालच में गिरोह का विस्तार किया गया और अन्य सदस्यों को भी इसमें शामिल किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा संगठित तरीके से नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में चलाने की साजिश रची जा रही थी, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। समय रहते गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में देवेन्द्र कुमार निवासी सरदारपुर छामली (थाना बड़ापुर, बिजनौर), गुलजार अहमद निवासी टांडा सिक्कावाला (थाना बड़ापुर, बिजनौर) तथा शगुन जोशी निवासी लालढांग (थाना श्यामपुर, हरिद्वार) शामिल हैं। इस कार्रवाई को प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रभारी निरीक्षक श्यामपुर अवनी तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।









