प्रेस क्लब महानगर रुड़की कार्यालय पर मनाया गया हिंदी पत्रकारिता दिवस
वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी सुभाष नंबरदार ने पत्रकारों का किया सम्मान
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि०) के कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ हिंदी पत्रकारिता के प्रवर्तक युगल किशोर शुक्ल एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी व किसान नेता चौधरी सुभाष नम्बरदार ने क्लब से जुड़े पत्रकारों को शॉल भेंटकर व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाती है। प्रेस क्लब महानगर रुड़की के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा एवं महामंत्री मोनू शर्मा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को स्वर देने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने पत्रकारों से बदलते दौर में भी निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता के मूल्यों, चुनौतियों और समाज निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। क्लब के निदेशक चौधरी अनवर राणा और देशराज पाल ने आगामी वर्ष हिंदी पत्रकारिता दिवस को और भव्य स्तर पर मनाने की घोषणा की। वरिष्ठ पत्रकार डॉ० अरशद हुसैन, असलम अंसारी, प्रवेज आलम, संदीप चौधरी एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता सत्य, निष्पक्षता और जनहित के प्रति समर्पण का नाम है तथा युवा पत्रकारों को इसकी मूल भावना को समझकर कार्य करना चाहिए। संचालन उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी ने किया। इस दौरान दिवंगत पत्रकार राव शाहनवाज खां एवं युवा पत्रकार सूरज वर्मा सहित हमारे बीच नहीं रहे पत्रकार साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर नरेंद्र कुमार, संदीप कश्यप, दीक्षा गुप्ता, श्याम सुंदर, विशाल शर्मा, दिलशाद खान, मोहम्मद आलम सहित प्रेस क्लब महानगर रुड़की के सदस्य मौजूद रहे।









