कुंभ से पहले बाईपास चालू करने और एनएच-74 के लंबित कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला क्षेत्र में स्थायी निर्माण कार्यों के साथ-साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। शिविर स्थलों की साफ-सफाई एवं समतलीकरण, अस्थायी सड़कों का निर्माण, बिजली-पेयजल की व्यवस्था, बस अड्डों और पार्किंग स्थलों को विकसित करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेला प्रशासन का प्रयास है कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन और बुनियादी सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। विशेष रूप से शिविर स्थलों, अस्थायी बस अड्डों और पार्किंग क्षेत्रों में जन-सुविधाओं, सुरक्षा तथा सुचारू यातायात के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप एवं दक्षद्वीप में शिविरों की स्थापना के लिए किए जा रहे ड्रेसिंग और लेवलिंग कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अस्थायी सड़कों, बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था की प्रगति भी परखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के लिए निर्धारित भूमि को समय से तैयार किया जाए और वहां आवश्यक सुविधाओं का विकास भी साथ-साथ किया जाए, ताकि कुंभ के दौरान शिविरों के संचालन में कोई बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि बस अड्डे तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और व्यवस्थित बनाया जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान और उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कुंभ के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए मेलाधिकारी ने हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पार्किंग स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों और पुलों से संबंधित कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखना और मेला क्षेत्र में अनावश्यक जाम की स्थिति से बचना है। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर चिड़ियापुर तक मार्ग की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हरिद्वार बाईपास परियोजना का कार्य अविलंब पूरा कर कुंभ मेले से पहले मार्ग को यातायात के लिए चालू किया जाए। उन्होंने एनएच-74 पर अंजनी चौकी के निकट प्वाइंट 4.2 पर हरिद्वार बाईपास के अंतिम सिरे को शीघ्र सुव्यवस्थित करने और आवश्यक साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए। इससे वाहन चालकों को मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी और यातायात संचालन अधिक सुचारू बनाया जा सकेगा। एनएच-74 के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
मेलाधिकारी ने मौके पर मौजूद एनएचएआई अधिकारियों के साथ समीक्षा की। साथ ही परियोजना निदेशक, नजीबाबाद से दूरभाष पर वार्ता कर एनएच-74 पर चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिड़ियापुर के निकट फ्लाईओवर के अवरुद्ध कार्य को भी कुंभ की आवश्यकताओं के मद्देनजर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा। कुंभ-2027 के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्गों, संपर्क मार्गों, पार्किंग स्थलों और अस्थायी बस अड्डों का समय पर तैयार होना यातायात प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में मेला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और संबंधित विभागों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता एवं एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।









