भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर 31 मई तक बंद
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा और ओलावृष्टि के कारण प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंदिर प्रबंधन समिति ने 29 मई से 31 मई 2026 तक मंदिर को दर्शनार्थ अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी सहारनपुर द्वारा प्राप्त सूचना के अनुसार माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर एवं आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा के कारण अचानक जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी भारी वर्षा और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन के अनुसार मंदिर क्षेत्र में जलभराव, फिसलन तथा अचानक जलप्रवाह बढ़ने से दुर्घटना और जनहानि की आशंका बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर में दर्शन और भ्रमण पर अस्थायी रोक लगाई गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 31 मई तक माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर की यात्रा से यथासंभव बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से इस सूचना को सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक प्रसारित करने का भी अनुरोध किया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।









