न वेतन बढ़ा, न मिला जवाब—भेल लेडीज क्लब कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भेल लेडीज क्लब में कार्यरत कर्मचारियों का लंबे समय से चला आ रहा असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। कर्मचारियों ने अपनी सेवा शर्तों, वेतन, पेंशन और विभागीय नीतियों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि वर्षों से उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भविष्य और पहचान को लेकर असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उनका सरकारी पीएफ नियमित रूप से काटा जाता है, लेकिन इसके बावजूद उनकी सेवानिवृत्ति की आयु 58 वर्ष निर्धारित की गई है। कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि जब भेल के अन्य विभागों में सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष है, तो उनके साथ अलग व्यवस्था क्यों लागू की गई है। उन्होंने इसे दोहरे मानदंड का उदाहरण बताते हुए इस पर पुनर्विचार की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच उनका जीवन-यापन कठिन होता जा रहा है। उनका आरोप है कि पिछले कई वर्षों से महंगाई भत्ते और मूल वेतन में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं की गई है, जिसके कारण आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें विभागीय नियमों और प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। विभाग में न तो कोई स्पष्ट सर्कुलर जारी किया जाता है और न ही लिखित नीतियां सार्वजनिक की जाती हैं। इससे कर्मचारियों को अपने अधिकारों और सेवा संबंधी प्रावधानों की सही जानकारी नहीं मिल पाती है। कर्मचारियों के अनुसार उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और लिखित स्पष्टीकरण की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। किसी भी मुद्दे पर ठोस कार्रवाई या संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। अधिकारियों के रवैये से नाराज कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि सेवा अवधि और सेवानिवृत्ति आयु की समीक्षा की जाए, वेतन, पीएफ और पेंशन से जुड़ी विसंगतियों को दूर किया जाए तथा विभागीय नीतियों को लिखित रूप में सार्वजनिक कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान कौशल्या, रोशन, मीरा, काशो, बृजेश, नरेंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।









