हरिद्वार

नशे के सौदागरों पर पथरी पुलिस का शिकंजा, NDPS में जेल जा चुके 85 चिन्हित थाने बुलाकर कराई परेड

एसएसपी नवनीत सिंह के ऑपरेशन प्रहार के तहत नया एक्शन प्लान, हर 15 दिन में थाने में हाजिरी के निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अब नया और सख्त एक्शन प्लान लागू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पथरी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में पूर्व में जेल जा चुके आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। थानाध्यक्ष पथरी की पहल पर 2016 से 2025 तक एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुके 85 लोगों को चिन्हित किया गया है। इनमें से शुक्रवार को 25 व्यक्तियों को थाने बुलाकर उनकी परेड कराई गई। इस दौरान सभी को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में वे दोबारा नशे के कारोबार या एनडीपीएस एक्ट से जुड़े किसी भी अपराध में लिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी चिन्हित व्यक्तियों को निर्देशित किया है कि वे प्रत्येक 15 दिन के भीतर थाना पथरी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इसके लिए थाने में एक विशेष रजिस्टर भी तैयार किया गया है, जिसमें इन सभी का आपराधिक इतिहास, फोटो, मोबाइल नंबर और वर्तमान गतिविधियों का पूरा ब्यौरा दर्ज किया जा रहा है पथरी पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी और प्रभावी पहल माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चिन्हित सभी लोगों पर सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और नशे के सौदागरों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चला रही है। पथरी पुलिस का यह नया मॉडल अब अपराधियों में खौफ पैदा करने के साथ-साथ नशे के नेटवर्क पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button