हरिद्वार

3.93 करोड़ की लागत से करीब 3 किमी मार्ग का नवीनीकरण, पहले तैयार होगा रेज्ड फुटपाथ का नमूना

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक सड़क के नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण कार्य का अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मेला प्रशासन एवं लोनिवि के अधिकारियों ने स्थानीय पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी शंकाएं और सुझाव सुने। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर तय किया गया कि पूरी सड़क पर फुटपाथ निर्माण शुरू करने से पहले एक हिस्से में रेज्ड फुटपाथ का नमूना तैयार किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय लोगों की शंकाओं का समाधान करते हुए आगे का कार्य कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार करीब 3.93 करोड़ रुपये की लागत से लगभग तीन किलोमीटर लंबे मार्ग का नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण और अन्य कार्य कराए जाएंगे। योजना के तहत करीब दो किलोमीटर हिस्से में रेज्ड फुटपाथ तथा एक किलोमीटर हिस्से में लेवल फुटपाथ बनाया जाएगा। साथ ही सड़क पर पानी की निकासी के लिए भी उचित व्यवस्था की जाएगी। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित थर्ड पार्टी जांच भी कराई जाएगी। रामकृष्ण मिशन अस्पताल के पास शुरू हुए फुटपाथ निर्माण को लेकर पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दे का भी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने फुटपाथ के साथ जल निकासी की बेहतर व्यवस्था, अस्पताल के पास रेलिंग लगाने और सड़क मरम्मत का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग रखी। उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वार्ता के बाद पार्षद भूपेन्द्र कुमार, सचिन अग्रवाल सहित अन्य स्थानीय लोगों ने अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन पर संतोष जताते हुए निर्माण कार्य में सहयोग का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Back to top button