हरिद्वार

डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर 24 घंटे जारी है सड़क मरम्मत अभियान

एक दिन में 253.3 मीटर सड़क निर्माण कार्य हुआ पूरा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को दिए गए निर्देशों के क्रम में निर्माण कार्य दिन-रात जारी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जिन सड़कों को सीवरेज कार्य के लिए खोदा गया है, उनकी मरम्मत हर हाल में शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 एवं पैकेज-02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। 04 जून को किए गए कार्यों के तहत पैकेज-01 में राणा रोड पर 47.7 मीटर सीसी रोड, लोधा मंडी में 20 मीटर सीसी रोड, प्रेम विहार चौक पर 45.6 मीटर सीसी रोड तथा गायत्री तपोवन में 30 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार पैकेज-01 के अंतर्गत कुल 143.3 मीटर कार्य पूर्ण हुआ। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत गणपति धाम फेस-2 में 15 मीटर पावर ब्लॉक, गणपति धाम फेस-3 में 60 मीटर पावर ब्लॉक तथा मोहन एन्क्लेव में 35 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 110 मीटर कार्य पूर्ण किया गया। इस प्रकार दोनों पैकेजों के अंतर्गत एक ही दिन में कुल 253.3 मीटर सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अधिकारियों के अनुसार शेष कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसियां लगातार दिन-रात कार्य कर रही हैं। प्रशासन का मानना है कि निर्माण कार्यों के शीघ्र पूरा होने से स्थानीय जनता, व्यापारियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।

Related Articles

Back to top button