हरिद्वार

शुरू होगा स्मार्ट मीटर अभियान, पुलिस-प्रशासन के सहयोग से होगा कार्य संपन्न

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य शुरू किया जा रहा है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) द्वारा जिले के विद्युत उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। मुख्य अभियंता (वितरण) हरिद्वार क्षेत्र शेखर चंद्र ने बताया कि यह कार्य जयपुर स्थित जीनस पावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। स्मार्ट मीटर योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग, बिजली खपत की सटीक जानकारी, रियल टाइम मॉनिटरिंग और बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है। भारत सरकार के 1 अप्रैल 2026 के राजपत्र के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य किया गया है। योजना के प्रथम चरण में हरिद्वार और रुड़की विद्युत वितरण मंडलों के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर स्थापित किए जाएंगे। हरिद्वार मंडल में जगजीतपुर, सराय, इब्राहिमपुर खुर्द, इब्राहिमपुर कला, शिवालिक नगर, विकास कॉलोनी, मायापुर, श्रीनाथ नगर, भूपतवाला, सन्यास रोड और निर्मल बाग जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। वहीं रुड़की मंडल में सोत मोहल्ला, बीएसएम तिराहा, आवास विकास, लेबर चौक, डिफेंस कॉलोनी, चौधरी चरण सिंह चौक, सिविल लाइंस, आदर्श नगर, ईदगाह रोड और रामपुर तिराहा में यह कार्य किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से बिजली उपभोक्ताओं को कई सुविधाएं मिलेंगी और विद्युत प्रबंधन अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर स्थापना को लेकर विरोध की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य प्रस्तावित है, वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्य बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Related Articles

Back to top button