लक्सर

पथरेश्वर महादेव मंदिर में सनसनी दो साधुओं की निर्मम हत्या, जंगल में गड्ढा खोदकर दफनाए गए शव बरामद

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर से कुछ दूरी पर जंगल में जमीन खोदकर दोनों साधुओं के शव बरामद किए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर के एक सेवक द्वारा दो साधुओं के लापता होने और हत्या की आशंका की सूचना दी गई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जंगल में खुदाई कराई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। एसपी देहात ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है। जिन लोगों पर संदेह है, वे फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है जल्द ही खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button