एसपी देहात ने SPO के साथ बनाई रणनीति, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद/इमरान देशभक्त) रुड़की। आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम रुड़की के सभागार में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की अध्यक्षता में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स एस०पी०ओ० की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्सर सर्किल को छोड़कर देहात क्षेत्र के सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने एस०पी०ओ० को कांवड़ यात्रा की तैयारियों और पुलिस की कार्ययोजना से अवगत कराया। उन्होंने यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन को सुचारू रखने, शिवभक्तों को कांवड़ पटरी से सुरक्षित गुजरने में सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी देहात ने कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी पूर्ण समर्पण और जिम्मेदारी के साथ पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।









