सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू, गर्भवती महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत
सप्ताह में दो दिन होगी अल्ट्रासाउंड जांच, जल्द शुरू होगी सिजेरियन प्रसव की सुविधा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अब स्थानीय स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा मिल सकेगी। इससे उन्हें जांच के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आर.के सिंह के निर्देशों के क्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने अल्ट्रासाउंड सुविधा का शुभारंभ किया। सेवा शुरू होने के पहले दिन डॉ. अंतिमा एवं डॉ. यशपाल तोमर द्वारा दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के सिंह ने बताया कि सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सेवाओं को नियमित रूप से संचालित करने के लिए डॉ. राकेश को सप्ताह में दो दिन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने बताया कि सीएचसी बहादराबाद में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल्द ही केंद्र में सिजेरियन (सी-सेक्शन) प्रसव की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में सीएचसी बहादराबाद में कुल 5,151 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इनमें 3,315 नए मरीज तथा 1,836 पुराने मरीज शामिल हैं। वहीं अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल 38,263 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया गया। इस दौरान 610 मरीजों को भर्ती कर उपचार किया गया।
प्रसव सेवाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में केंद्र में कुल 52 प्रसव कराए गए, जबकि अप्रैल से अक्टूबर तक कुल 358 प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं। वर्तमान में केंद्र में 24 घंटे सातों दिन आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के साथ संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के सिंह ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने और आगामी समय में सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को भी लाभ मिलेगा।









