हरिद्वार में धूमधाम से मनेगा उत्तराखंड का 26वां स्थापना दिवस, ऋषिकुल ऑडिटोरियम में होगा भव्य समारोह
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारी और प्रतिभावान छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित


हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ को हरिद्वार में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य समारोह ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखंडों में सांस्कृतिक और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सीडीओ ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों व अधिकारियों कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। सीडीओ ने शिक्षा विभाग को विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की थीम पर प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों को समारोह स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने को कहा गया है, ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर ही लाभान्वित किया जा सके। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों, भवनों और प्रमुख चौराहों को आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाकर रोशन किया जाएगा। मुख्य समारोह में मंच, बैठक व्यवस्था, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश सज्जा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है। सीडीओ ने साफ निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी की जाएं। बैठक में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला अर्थ व संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









