हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर समेत पूरे प्रदेश में निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि स्कूल एनसीईआरटी का नाम लेकर सिर्फ औपचारिक किताबें लगाते हैं, जबकि ज्यादातर कोर्स महंगी निजी पब्लिकेशन से भर दिया जाता है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने लक्सर में प्रेस कर इसे संगठित गोरखधंधा बताते हुए कहा कि इस खेल में प्रभावशाली लोगों और नेताओं की मिलीभगत के आरोप हैं।
उन्होंने कहा कि पहले भी शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल बंद हुए, जबकि निजी स्कूलों का दबदबा बढ़ा है।अभिभावकों से एडमिशन फीस समेत हर साल हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं। आनंद ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई न होने पर उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।









