स्वस्थ जीवनशैली है मधुमेह से बचाव का सबसे कारगर तरीका: डा० संजय शाह
रवि चौहान हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि चौहान) हरिद्वार। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसायटी द्वारा संचालित स्वामी रामप्रकाश चैरिटेबल हॉस्पिटल में स्वास्थ्य एवं जागरूता शिविर का आयोजन किया गिया। शिविर के दौरान अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डा.सजय शाह ने बताया कि मधुमेह आज विश्व की सबसे गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बन चुका है। बदलती जीवनशैली, शहरीकरण, असंतुलित खानपान, शारीरिक निष्क्रियता, मोटापा, मानसिक तनाव और अपर्याप्त नींद मधुमेह के प्रमुख कारण हैं। डा.शाह ने बताया कि शुरुआती वर्षों में मधुमेह के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। जोकि सबसे बड़ी चुनौती है। कई बार लोगों को इस बीमारी का पता तब चलता है, जब हृदय, गुर्दे, आंतों, नसों अथवा रक्त वाहिकाओं से संबंधित जटिलताएं विकसित हो चुकी होती हैं। उन्होंने कहा कि मधुमेह की समय रहते पहचान होने पर गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है। अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, बिना कारण वजन घटना, थकान और धुंधला दिखाई देना मधुमेह के महत्वपूर्ण चेतावनी संकेत हैं। जिन लोगों के परिवार में मधुमेह का इतिहास है, जिनका वजन अधिक है, पेट के आसपास चर्बी अधिक है, जो शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं हैं अथवा उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल की समस्या से ग्रस्त हैं, उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित रूप से रक्त शर्करा की जांच करानी चाहिए। डा.शाह ने बताया कि मधुमेह के अनेक मामलों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर रोका अथवा इसके होने की संभावना को काफी हद तक टाला जा सकता है। इसके अतिरिक्त संतुलित एवं पौष्टिक आहार जिसमें ताजी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और फाइबर युक्त भोजन को प्राथमिकता दें। मैदा, अत्यधिक परिष्कृत कार्बाेहाइड्रेट, मीठे पेय पदार्थ और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। पैदल चलने, योगाभ्यास, पारंपरिक संतुलित खानपान और सक्रिय सामुदायिक जीवन शैली अपनाएं। जो व्यक्ति पहले से मधुमेह से पीड़ित हैं, उनके लिए केवल रक्त शर्करा को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि भविष्य में होने वाली जटिलताओं को रोकना और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन प्रदान करना महत्वपूर्ण है। रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच के साथ गुर्दों की कार्यक्षमता, आंतों की जांच, पैरों की देखभाल और हृदय संबंधी जोखिम का समय-समय पर मूल्यांकन आवश्यक है।









