नेत्र कुंभ-2027 हरिद्वार के कार्यालय का विधिवत शुभारंभ
सेवा एवं समर्पण के संकल्प से सफल होगा नेत्र कुंभ महायज्ञ: डॉ. संदीप जैन

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। नेत्र कुंभ-2027 के भव्य एवं सफल आयोजन की तैयारियों को गति प्रदान करते हुए आज स्वामी राम प्रकाश चैरिटेबल अस्पताल, शंकर आश्रम चौक के निकट, ज्वालापुर, हरिद्वार में नेत्र कुंभ के केंद्रीय कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनसेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता के संकल्प के साथ नेत्र कुंभ को सफल बनाने की कामना की। यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एकम फार्मास्यूटिकल लिमिटेड, हरिद्वार के संस्थापक डॉ. संदीप जैन, नेत्र कुंभ के प्रबंध प्रमुख ललित पंत तथा नेत्र कुंभ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश खेतान उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि “सेवा एवं समर्पण के संकल्प से पूर्ण होगा नेत्र कुंभ महायज्ञ।” उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक हरिद्वार में आयोजित होने वाले नेत्र कुंभ की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही आयोजन संबंधी गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 29 नवंबर को देहरादून में नेत्र कुंभ के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के उद्देश्य से शंखनाद का वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। नेत्र कुंभ के प्रबंध प्रमुख एडवोकेट ललित पंत ने कहा समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) द्वारा निरंतर दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। नेत्रकुंभ लोगों के लिए मिल का पत्थर साबित होता है जो लोग विभिन्न कारणों से दृष्टि रोग से परेशान होते हैं उनके लिए नेत्र कुंभ में निशुल्क नेत्र जांच एवं निशुल्क चश्मे से लाभान्वित किया जाता है नेत्र कुंभ कार्यालय के प्रारंभ होने से आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, कार्यकर्ता समन्वय, चिकित्सा सेवाओं एवं अन्य तैयारियों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी। सभी संबंधित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आयोजन को सफल बनाया जाएगा। इस अवसर पर हरिद्वार से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राकेश ने कहा कि नेत्र कुंभ के आयोजन में संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2021 की भांति इस बार भी हरिद्वार में नेत्र कुंभ का भव्य एवं सफल आयोजन होगा और बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को नेत्र चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता स्वामिनी वेदात्मानंदा सरस्वती, नेत्र कुंभ सह प्रबंध प्रमुख देवेंद्र, नेत्र कुंभ सचिव अनंत मेहरा एवं डॉ. राजीव कुरले, डॉ. हरेंद्र, डॉ. रविंद्र, डॉ. संजय शाह, डॉ. रितु खेतान, मोनू त्यागी एवं कमल पंत जी उपस्थित रहे। सक्षम हरिद्वार के जिला अध्यक्ष संदीप अरोड़ा, जिला सचिव श्रीमती मानसी मिश्रा, सह सचिव कुलदीप, श्रीमती सीमा चौहान, विमलेश गौड, श्रीमती अनीता वर्मा, संजय वर्मा एवं विनोद शर्मा सहित जिले के अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त मेरठ से सक्षम के प्रांत सचिव चरणजीत एवं सह सचिव आशुतोष तथा दिल्ली प्रांत से सह सचिव बलिराम जी एवं युवा प्रमुख डॉ. अरुण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नेत्र कुंभ-2027 को सेवा, चिकित्सा, सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण का व्यापक अभियान बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।









