होली-रमजान से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, दूध-पनीर सप्लाई वाहनों की सघन जांच
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। आगामी होली और रमजान पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर सख्ती बढ़ा दी है। सचिन कुर्वे और मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार तड़के कनखल क्षेत्र में दूध और पनीर की सप्लाई करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में सुबह 6 बजे जगजीतपुर पुलिस चौकी कनखल पर बाहरी राज्यों और लक्सर क्षेत्र से आने वाले सप्लाई वाहनों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खुले दूध के 3 और पनीर के 2 नमूने सहित कुल 5 खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान तीन सप्लायरों को फूड लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और क्रय-विक्रय इनवॉइस प्रस्तुत न करने तथा तापमान नियंत्रण प्रणाली सुचारू न होने पर नोटिस जारी किया गया। टीम ने सप्लायरों को वाहनों पर फूड लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित करने और नियंत्रित तापमान में ही दूध व दुग्ध उत्पादों की सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर मिले पनीर को हटवाकर बिक्री न करने के आदेश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली और रमजान के मद्देनजर जनपद में विशेष सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोककर उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।









