
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार की ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के पीठ बाजार में एक सुनार पर धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सुनार ने गिरवी रखी गई करीब 12 लाख रुपये की ज्वैलरी हड़प ली और पीड़ित से 2 लाख रुपये ब्याज के नाम पर भी वसूल लिए। मामले में पीड़ित की शिकायत पर ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार मोहल्ला कस्साबान निवासी एक व्यक्ति ने करीब 12 वर्ष पहले अपनी पत्नी की ज्वैलरी 60 हजार रुपये में पीठ बाजार स्थित एक सुनार के पास गिरवी रखी थी, ताकि वह अपने रोजगार के लिए पैसे जुटा सके। पीड़ित का आरोप है कि फरवरी 2025 में जब वह अपनी ज्वैलरी छुड़ाने के लिए सुनार के पास पहुंचा, तो सुनार ने उससे 2 लाख रुपये ब्याज की मांग की। पीड़ित ने किसी तरह पैसे की व्यवस्था की और तीन गवाहों के साथ 2 लाख रुपये लेकर सुनार की दुकान पर पहुंचा पीड़ित के अनुसार उसने 2 लाख रुपये सुनार को दे दिए और कहा कि 60 हजार रुपये मूलधन भी जल्द अदा कर देगा, साथ ही 2 लाख रुपये की जमा पर्ची देने को कहा। इस पर सुनार ने ज्वैलरी की विवरण पर्ची मांगी। पीड़ित ने कहा कि पूरा हिसाब चुकाने के बाद ही पर्ची देगा। आरोप है कि इसके बाद सुनार और उसके दो बेटों ने पीड़ित को बाकी पैसे लाने को कहा और भरोसा दिलाया कि ज्वैलरी निकालकर रख दी जाएगी। जब पीड़ित एक सप्ताह बाद ज्वैलरी लेने पहुंचा, तो उसे अगले दिन आने को कहा गया। पीड़ित का कहना है कि करीब 6 महीने तक उसे लगातार दुकान के चक्कर कटवाए गए। आखिरकार सुनार ने साफ कह दिया कि उसके पास पीड़ित की कोई ज्वैलरी नहीं है। अपने साथ हुई इस कथित धोखाधड़ी से आहत पीड़ित ने ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं इस बाबत पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन से राणा ने बताया कि ज्वालापुर निवासी द्वारा सुनार पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए ब्याज की बात बताई है, साथ ही उन्होंने बताया कि पीड़ित द्वारा लाखों रुपए की ज्वैलरी बताई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









