हरिद्वार

अपराध गोष्ठी में एसएसपी का सख्त संदेश, चारधाम यात्रा और कानून-व्यवस्था पर विशेष फोकस

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को माह फरवरी की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में बीते माह जनपद में घटित अपराधों, उनके अनावरण तथा लंबित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी संचार विपिन कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने आगामी चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा को देखते हुए तैयारियों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध होने से पहले ही उसे रोकना होनी चाहिए। इसके लिए थाना स्तर पर सतर्कता और नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत रखने, फायर उपकरणों को कार्यशील बनाए रखने और रिस्पांस टाइम बेहतर करने पर जोर दिया गया। साथ ही आग लगने की घटनाओं के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि छोटे-छोटे विवाद कई बार बड़ी घटनाओं का रूप ले लेते हैं, इसलिए बीट पुलिस के माध्यम से ऐसे मामलों पर नजर रखी जाए और समय रहते समाधान किया जाए। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त असलाह धारकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने चारधाम यात्रा को संवेदनशील बताते हुए सत्यापन अभियान तेज करने, शाम के समय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और निर्माणाधीन थाना भवनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा वाहन चोरी की घटनाओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर सक्रिय गिरोहों पर कार्रवाई करने, गंभीर अपराधों में फॉरेंसिक टीम की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अज्ञात शवों की पहचान के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को आमजन से शालीन व्यवहार करने और वर्दी की गरिमा बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि पीड़ित की भावनाओं का सम्मान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी।

Related Articles

Back to top button