देहरादून

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने खुद संभाली यातायात जागरूकता अभियान की कमान

पीछे बैठने वाली सवारी के लिए हेलमेट अनिवार्य, सुरक्षित सफर का दिया संदेश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) देहरादून। सड़क दुर्घटनाओं में अनमोल जिंदगियों को बचाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल देहरादून ने अपने अनोखे अंदाज और मानवीय संदेश के साथ स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात जागरूकता अभियान का नेतृत्व किया है। इस दौरान नियमों का पालन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों को फूल देकर सम्मानित भी किया गया, वहीं यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले लोगों को हेलमेट और समझाइश देकर सुरक्षित सफर का महत्व बताया गया है। अभियान का विशेष आकर्षण उन दोपहिया वाहन चालकों को फूल देकर सम्मानित करना रहा, जो स्वयं हेलमेट पहनने के साथ-साथ पीछे बैठी सवारी की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रख रहे थे। पुलिस ने ऐसे जागरूक नागरिकों का उत्साहवर्धन करते हुए संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की जिंदगी की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। इस अवसर पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आमजन को समझाया कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय केवल चालक का हेलमेट पहनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना उतना ही जरूरी है। सड़क पर अचानक ब्रेक लगना, वाहन का संतुलन बिगड़ना, सामने से टक्कर लगना या किसी अन्य वाहन से दुर्घटना होना जैसी परिस्थितियों में पीछे बैठा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो सकता है। ऐसे में हेलमेट सिर को गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। एसएसपी देहरादून ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। यातायात नियमों का पालन किसी चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की अनमोल जिंदगी को सुरक्षित रखने के लिए करें। एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और बहुमूल्य जीवन बचाना है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल यह भी संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाली सवारी द्वारा हेलमेट नहीं पहनने की स्थिति में अब वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान जिन पीलियन राइडर्स ने हेलमेट नहीं पहना था, उन्हें हेलमेट की उपयोगिता समझाई गई तथा सुरक्षा की दृष्टि से हेलमेट भी वितरित किए गए है। पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि कानून का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि नागरिकों को दुर्घटनाओं से बचाना और जिम्मेदार बनाना भी है। सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए कुछ छोटी-छोटी सावधानियां जीवनभर की सुरक्षा बन सकती हैं। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, नशे की हालत में कभी वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, यातायात संकेतों और लाल बत्ती का पालन करें तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं। इसके साथ ही वाहन चलाते समय आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखें, गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें और सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों को प्राथमिकता दें। वाहन चलाते समय जल्दबाजी और लापरवाही से बचना भी बेहद जरूरी है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए इस जागरूकता अभियान में पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। देहरादून पुलिस की यह पहल समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि सड़क पर आपकी एक छोटी-सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है। घर से निकलते समय हेलमेट पहनना और सुरक्षित घर लौटना ही असली समझदारी है। याद रखिए मंजिल पर कुछ मिनट देर से पहुंचना मंजूर है, लेकिन लापरवाही के कारण जिंदगी का सफर अधूरा नहीं होना चाहिए। सड़क सुरक्षा अपनाएं, खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

Related Articles

Back to top button