पुलिस की घेराबंदी में फंसे ‘तीन शातिर’ भागने की कोशिश नाकाम—चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को थाना सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध गतिविधियों और वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिडकुल क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीम IMC चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वे बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितिन पुत्र तेजपाल, दीपक सक्सेना पुत्र राजेश सक्सेना और सचिन पुत्र पंकज गुप्ता बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि उनकी निशानदेही पर एक अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद दोनों मोटरसाइकिलें पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं। तीनों आरोपी वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में रहकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









