सिडकुल की सड़कों पर ट्रक चालकों का अवैध कब्जा, बड़ी दुर्घटनाओ को न्यौता: चर्चा
रजत चौहान प्रधान सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। जहां इस समय पुलिस प्रशासन ने चारधाम यात्रा को लेकर कमर कस ली है, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए लोगों को जाम से निजात दिलाई जा रही है। तो वहीं एक मामला सिडकुल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत का प्रकाश में आया है। जहां ट्रक चालकों ने सड़कों पर अवैध कब्जा किया हुआ है, ओर हादसों को दावत दे रहे है जो शहर में एक चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं औद्योगिक क्षेत्र में इन दिनों अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है, फैक्ट्रियों से माल लोडिंग के इंतजार में सर्विस रोड से लेकर मुख्य सड़कों तक ट्रकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बेतरतीब ढंग से खड़े ये भारी वाहन न केवल यातायात में बाधा बन रहे हैं, बल्कि राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

गौरतलब है कि सिडकुल से होकर गुजरने वाला यह मार्ग केवल औद्योगिक इकाइयों तक सीमित नहीं है। यहाँ से रोजाना जिला मुख्यालय, न्यायालय और आसपास के दर्जनों गांवों के लिए हजारों लोग आवाजाही करते हैं। सुबह और शाम के वक्त शिफ्ट बदलने के दौरान हजारों श्रमिकों की भीड़ भी इसी रास्ते से गुजरती है। ऐसे में सड़क घेरे खड़े ट्रकों के कारण रास्ता संकरा हो गया है, जिससे हर पल हादसे की आशंका बनी रहती है।

वहीं स्थानीय राहगीरों और राह चलते लोगों ने बताया कि सड़कों पर ट्रकों की लाइन इतनी लंबी और अव्यवस्थित होती है कि मोड़ पर सामने से आने वाला वाहन दिखाई नहीं देता। उन्हें जरूरी काम से जिला मुख्यालय जाना था, लेकिन रास्ते में ट्रकों के कारण अचानक स्थिति ऐसी बनी कि वह हादसे का शिकार होते-होते बचे। क्षेत्र के लोगों और श्रमिकों ने सिडकुल प्रबंधन, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन से इस समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले ट्रकों का भारी चालान किया जाए। फैक्ट्रियों को पाबंद किया जाए कि वे अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा न करवाएं।









