दिव्यांगजनों की आवाज बना ज्ञापन, सरकार से की सम्मानजनक जीवन की मांग
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। देवभूमि दिव्यांग सहारा समिति उत्तराखंड की ओर से दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर एसडीएम भगवानपुर द्वारा मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया गया। समिति के अध्यक्ष शाकिर अली के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में दिव्यांगजनों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में दिव्यांगजनों को मिलने वाली ₹1500 प्रतिमाह पेंशन आज के महंगाई भरे दौर में परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है। समिति ने सरकार से मांग की है कि दिव्यांग पेंशन को बढ़ाकर 5000 रुपए प्रतिमाह किया जाए, ताकि दिव्यांगजन सम्मानपूर्वक अपना जीवन यापन कर सकें। इसके अलावा उत्तराखंड में दिव्यांग आयोग के गठन की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। समिति का कहना है कि आयोग के गठन से दिव्यांगजनों की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा और उनके अधिकारों की बेहतर तरीके से रक्षा की जा सकेगी। ज्ञापन में निजी उद्योगों में दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। समिति ने कहा कि दिव्यांगजन भी समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। समिति के पदाधिकारियों ने सरकार से दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। इस पहल को दिव्यांग समाज की आवाज को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।









