हरिद्वार

ग्रीन कुंभ की ओर हरिद्वार का बड़ा कदम, हरित हरिद्वार अभियान को मिला जनसमर्थन

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार को पर्यावरणीय दृष्टि से अधिक समृद्ध और हरित बनाने की दिशा में प्रशासन की पहल अब जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है। मेलाधिकारी एवं एचआरडीए की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका के मार्गदर्शन में शुरू किए जा रहे ‘हरित हरिद्वार’ अभियान को सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और पर्यावरण प्रेमियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। मेला नियंत्रण भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में अभियान की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अभियान के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की। इस दौरान लगभग चार दर्जन गैरसरकारी एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग करते हुए अभियान को जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय पहल बताया और प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में आगामी मानसून सत्र के दौरान बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा स्वेच्छा से निभाई जाए, ताकि यह अभियान स्थायी सफलता प्राप्त कर सके। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि वृक्षारोपण महज औपचारिकता नहीं बल्कि जनआंदोलन बनना चाहिए। इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उन्हें संरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि गैरसरकारी संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और धर्मार्थ संगठन इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। प्रशासन की मंशा है कि लोग इस अभियान से व्यक्तिगत जुड़ाव महसूस करें और स्वयं आगे बढ़कर पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लें। स्थानीय जरूरतों और पर्यावरणीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लोगों की सहभागिता से यह तय किया जाएगा कि किस क्षेत्र में कौन से पौधे लगाए जाएं। बैठक में माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी दिगंबर महंत राजगीरी महाराज, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, एचआरडीए के उद्यान अधिकारी जे.आर. जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, जिला प्रोविजन अधिकारी अविनाश भदौरिया, उप प्रभागीय अधिकारी पूनम कैंथोला, राजाजी टाइगर रिजर्व के वार्डन अजय लिंगवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button