हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में तमंचे के बल पर स्कूटी, मोबाइल और नकदी लूटने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल, पर्स, नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लूटी गई स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल कर रहे थे। बीती 23 मई की रात सीतापुर निवासी सौरभ सती अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आए चार स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स तथा पांच हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की पुलिस ने पुराने अपराधियों से पूछताछ, स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद 31 मई की रात रेगुलेटर पुल के पास चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में बरामद स्कूटी लूट की घटना में छीनी गई निकली, जिस पर आरोपियों ने फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी गिरफ्तार युवकों के पास से पीड़ित का मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो हजार रुपये की नकदी, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे, लेकिन समय रहते उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक सैनी निवासी ऋषिकुल, शिवांश उर्फ विलन निवासी अहमदपुर ग्रांट, लक्की निवासी सिया कॉलोनी कनखल और वंश चंचल निवासी राजू नगर हरिद्वार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।









