चारधाम और कांवड़ यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत में तेजी, एक दिन में 345 मीटर से अधिक कार्य पूरा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्थाएं दिन-रात काम कर रही हैं ताकि स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दौरान जिन सड़कों को सीवरेज कार्य के लिए खोदा गया है, उनकी मरम्मत हर हाल में शीघ्र पूरी की जाए। उनके निर्देशों के अनुपालन में परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई, गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा तेजी से सड़क पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 और पैकेज-02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्य लगातार जारी है। 08 जून को पैकेज-01 के तहत एनएचएआई के समीप जैन मंदिर क्षेत्र में बीटी रोड का 75 मीटर तथा मुखिया गली में 13.4 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया। इस प्रकार पैकेज-01 में कुल 88.4 मीटर कार्य पूर्ण हुआ। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत राजविहार फेस-1 पावर ब्लॉक में 134 मीटर, गणपतिधाम फेस-2 में 53 मीटर तथा शिवपुरी कॉलोनी में 70 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 257 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य संपन्न हुआ। इस प्रकार दोनों पैकेजों को मिलाकर एक ही दिन में 345.4 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया गया। प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्यों में तेजी आने से स्थानीय जनता, व्यापारियों तथा तीर्थ यात्रियों को जल्द ही बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी और आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान आवागमन सुगम रहेगा।









