हरिद्वार

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील, हुई महत्वपूर्ण बैठक

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत रूड़की में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी दलों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, रूड़की दीपक रामचंद्र शेट ने की। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी तथा उत्तराखंड क्रांति दल के बीएलए-1 प्रतिनिधियों के साथ रूड़की, पिरान कलियर, झबरेड़ा और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों के सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत चल रही गतिविधियों और घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) का प्रदर्शन करते हुए उसे सही तरीके से भरने की प्रक्रिया समझाई तथा उपस्थित प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के बीएलए प्रतिनिधियों ने प्री-एसआईआर गतिविधियों के दौरान चिन्हित अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन नामावली को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक दलों और निर्वाचन विभाग के समन्वित प्रयासों से मतदाता सूची की गुणवत्ता में सुधार होगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button