
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर पुलिस, सीआईयू और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी की रकम को विभिन्न खातों के जरिए ठिकाने लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस टीम ने सहारनपुर निवासी अंकित और विशाल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी सीएससी सेंटर और पेट्रोल पंपों के क्यूआर कोड व खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर उसकी ट्रेल छिपाते थे। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और व्हाट्सएप चैट के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोचा। उनके कब्जे से 1 लाख 48 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और लोगों से अपने बैंक खाते व क्यूआर कोड किसी अज्ञात व्यक्ति को इस्तेमाल न करने की अपील की है।









