हरिद्वार

हरिद्वार में 11 माह की मासूम से दरिंदगी का आरोपी गिरफ्तार, बाल्मीकि चौक के पास से दबोचा

फैक्ट्री परिसर में परिवार के साथ रहता था आरोपी, बच्ची के पिता की तहरीर पर पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने बाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार किया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्ची का उपचार एम्स ऋषिकेश में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को जिला अस्पताल हरिद्वार से कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि 11 माह की बच्ची को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। जहां बच्ची के परिजनों और चिकित्सकों ने उसके साथ दुष्कर्म होने की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता के समुचित उपचार और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

मामले में बच्ची के पिता की तहरीर पर 16 नवंबर को कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 646/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(I), 5(M), 6 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार पिछले करीब 15 दिनों से हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित विकास इंडस्ट्री पाइप फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसका परिवार बिहार में रहता है और वह फैक्ट्री परिसर में ही पीड़िता के पिता के घर में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच बच्ची की मां ने अपनी 11 माह की पुत्री को आरोपी के पास छोड़ा था। आरोप है कि आरोपी बच्ची को लेकर फैक्ट्री परिसर के एकांत स्थान पर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में कार्रवाई करते हुए सौरभ कुमार पुत्र राजेंद्र दास निवासी पंचरुखी, थाना शाहकुंड, जिला भागलपुर, बिहार को बाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक अनिता शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर गावड़ी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, महिला उपनिरीक्षक अनिता शर्मा, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, उपनिरीक्षक नवीन नेगी एवं हेड कांस्टेबल संजीव राणा।

Related Articles

Back to top button