हरिद्वार

लिब्बरहेड़ी में भक्ति की गूंज: भजन गायिका प्रियंका चौधरी ने बांधा समां

करतार सिंह भड़ाना ने गांव के विकास के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव में आयोजित भव्य भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला है। कार्यक्रम में हरियाणा की प्रसिद्ध भजन एवं रागिनी गायिका प्रियंका चौधरी ने अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भगवान श्रीराम और अन्य देवी-देवताओं पर आधारित भजनों एवं रागिनियों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की है। भजन गायिका प्रियंका चौधरी ने कहा कि भजन और रागिनी भारतीय लोक संस्कृति तथा आध्यात्मिक परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को अपनी संस्कृति, संस्कारों और धर्म से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ‘भजन’ का अर्थ ईश्वर की सेवा और उसके प्रति अटूट विश्वास बनाए रखना है। संत कबीर, मीराबाई, तुलसीदास, सूरदास और गुरु नानक देव जैसे संतों ने जनभाषा में भजनों की रचना कर भक्ति को जन-जन तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक भजन-कीर्तन सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जहां जाति, धर्म और आर्थिक भेदभाव समाप्त होकर सभी लोग एक साथ ईश्वर की आराधना करते हैं। भजन मन को शांति, आत्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करते हैं तथा व्यक्ति को अध्यात्म और आत्म-साक्षात्कार की ओर प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने भारतीय संस्कृति में भजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भक्ति संगीत समाज को जोड़ने और संस्कारों को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने गांव के विकास के लिए 31 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की, जिसका ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। भक्ति, संस्कृति और जनकल्याण के संदेश के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने क्षेत्र के लोगों के बीच आध्यात्मिक और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया है।

Related Articles

Back to top button