हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार: हरिद्वार पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 1,680 नशीली कैप्सूल-टैबलेट के साथ दो बड़े तस्कर गिरफ्तार

बलेनो कार से हो रही थी तस्करी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार-2026” के तहत हरिद्वार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने नशीली दवाइयों की तस्करी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 29 जून 2026 को गश्त एवं चेकिंग के दौरान पीपल चौक से आगे नहर पटरी मार्ग पर एक बलिनो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 480 नशीले कैप्सूल और 1200 नशीली टैबलेट बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस्लाम पुत्र शादी तथा सद्दाम पुत्र रियाज, निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका सिडकुल क्षेत्र में मेडिकल स्टोर है। उन्होंने स्वीकार किया कि सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के बीच नशीले इंजेक्शन एवं दवाइयों की मांग अधिक होने के कारण लालच में आकर उन्होंने नशीली दवाइयों की तस्करी शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 480 PROXIOHM-SPAS (ट्रामाडोल युक्त) कैप्सूल, 1200 Alprazolam 0.5 mg टैबलेट तथा तस्करी में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी एवं कांस्टेबल बलवंत सिंह मौजूद रहे‌।

Related Articles

Back to top button