हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। आज बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित पिपिंग सेरेमनी के दौरान दो पुलिस अधिकारियों को पदोन्नति के बाद नए पद की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जनपद में तैनात निरीक्षक राजेश साह एवं प्रदीप पंत के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नत होने के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन में गरिमामयी पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। उक्त समारोह के दौरान पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने दोनों अधिकारियों को नए पद के बैज (रैंक) लगाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि पदोन्नति किसी भी अधिकारी की मेहनत, लगन, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान होती है।



इसके साथ ही नई जिम्मेदारियां भी जुड़ जाती हैं। उन्होंने दोनों अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे भविष्य में भी निष्पक्षता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। एसएसपी ने दोनों अधिकारियों के अब तक के सेवाकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे पुलिस उपाधीक्षक के रूप में भी नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देंगे तथा जनता और विभाग की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। इस अवसर पर जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना की।









