हरिद्वार में राज्य के पहले राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी भवन का शिलान्यास
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार के राजकीय विशेष गृह परिसर में राज्य के पहले राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी किशोर भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। 555.15 लाख की लागत से बनने वाले इस भवन में 50 किशोरों के रहने की क्षमता होगी। इस दौरान मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह भवन विधि विवादित किशोरों को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, कौशल विकास और बेहतर पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बाल देखरेख गृह, संप्रेक्षण गृह और दत्तक ग्रहण एजेंसी का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद भी किया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक आदेश चौहान ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह परियोजना बाल संरक्षण और पुनर्वास की दिशा में ऐतिहासिक पहल साबित होगी।









