हरिद्वार

यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस और सिडकुल उद्योगों के बीच बना समन्वय, एसपी निशा यादव ने की अहम बैठक

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री निशा यादव की अध्यक्षता में सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है। बैठक का मुख्य उद्देश्य कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए औद्योगिक क्षेत्र एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र में मालवाहक वाहनों के संचालन, कर्मचारियों के आवागमन, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एसपी यातायात सुश्री निशा यादव ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी औद्योगिक इकाइयों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे निर्धारित यातायात प्लान का पूर्ण पालन करें और किसी भी संभावित समस्या के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाए रखें। बैठक में यह भी तय किया गया कि कांवड़ मेले के दौरान औद्योगिक गतिविधियों और यातायात संचालन के बीच संतुलन बनाते हुए श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी यातायात प्लान के पालन और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात बिपेन्द्र सिंह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार सहित सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button