हरिद्वार

ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, बाइक से बांधकर गंगा में फेंका था शव

कारोबारी व पारिवारिक रंजिश में अंकित चौहान की हत्या

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर कोतवाली पुलिस ने कई दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता चल रहे शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी का पर्दाफाश करते हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक कारोबारी व पारिवारिक रंजिश के चलते गांव के ही चार लोगों ने अंकित की रास्ता रोककर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

2 अगस्त की रात घर लौटते समय हुआ था लापता
पुलिस के अनुसार दो, तीन अगस्त की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की सूचना पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर लक्सर सीओ देवेन्द्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित कर गुमशुदगी के पीछे छिपे रहस्य का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी कॉल डिटेल और मैनुअल पुलिसिंग से खुला राज
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए मृतक से जुड़े लोगों और उसकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित की गांव के ही रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से पिछले कुछ समय से रंजिश चल रही थी। इसके बाद पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की।

सख्ती से पूछताछ में उगला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि अंकित उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। आरोपियों का आरोप था कि अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली के खनन की गतिविधियों की मुखबिरी करता था, जिसके चलते उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ता था और आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 2 अगस्त की रात जब अंकित बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में उसे रोक लिया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने शव को शिवपुरी गांव के पास स्थित खुसरो की ठोकर के समीप उसकी मोटरसाइकिल से बांधा और गंगा नदी में डुबो दिया।

एसडीआरएफ के गोताखोरों ने गंगा से निकाला शव और बाइक
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम उन्हें मौके पर लेकर पहुंची। शव को गंगा नदी में डुबोए जाने की पुष्टि होने पर एसडीआरएफ की टीम को गोताखोरों के साथ मौके पर बुलाया गया। अथक प्रयासों के बाद एसडीआरएफ के गोताखोरों ने गंगा में तलाश कर मृतक का शव और उसकी मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

मुख्य आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में भी थाना खानपुर से संबंधित एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तार सभी आरोपी सचिन, मेहकार, कुलवंत, और अंकित चौहान उर्फ फौजी शिवपुरी रायसी, कोतवाली लक्सर के निवासी हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी, कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह चौहान सहित हेड कांस्टेबल रविंद्र नगर आदि शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button