पोस्टमार्टम के लिए गायों के शव निकालने पहुंचे पुलिसकर्मी, आरोपी की तलाश में दबिश
कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, हादसे के बाद से घर से फरार है आरोपी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन गायों की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद पुलिस ने तीनों गायों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाहर निकलवाया। वहीं हादसे के बाद से कार चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त की तड़के बैरागी कैंप के समीप ओमपुल के पास एक कार ने तीन गायों को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी जुटाई। बताया गया कि हादसे के बाद कार चालक पुलिस लाइन की ओर भाग गया था।
मामले में पुलिस ने घटनास्थल के पास खड़ी कार बरामद कर ली थी। नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में वाहन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई और इसके आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। हालांकि घटना के बाद से आरोपी अपने घर से फरार है।
शनिवार को पुलिस टीम ने तीनों गायों के शवों को मौके से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। पशु चिकित्सकों की टीम ने शवों का परीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने की आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग
तीन गायों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी ऋषिपाल सिंह नेगी से मुलाकात कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई में देरी हुई तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि तीन गायों की मौत की घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने मांग की कि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने भी मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
बजरंग दल ने भी दी तहरीर
मामले में बजरंग दल की ओर से भी कार्रवाई की मांग की गई है। बजरंग दल प्रतिनिधिमंडल ने कनखल कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को तहरीर सौंपी और तीनों गोवंशों को कुचलकर मारने के मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गोवंश की मौत के मामले में दोषी व्यक्ति के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









