घने काले बादलों से घिरा जनपद, कारोबार पर पड़ा असर: बाजारों में पसरा सन्नाटा, बारिश से ठंड की दस्तक
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। लगातार हो रही बारिश ने जनपद के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तीसरे दिन भी आसमान में घने काले बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम दिखाई दे रही है। बारिश के कारण जहां एक ओर लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, वहीं दूसरी ओर इसका सीधा असर व्यापार और कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम होने से दुकानदार खाली बैठे नजर आ रहे हैं। छोटे दुकानदारों और दैनिक कमाई पर निर्भर लोगों के लिए लगातार बारिश परेशानी का कारण बनी हुई है। जनपद में सुबह से ही आसमान घने काले बादलों से घिरा रहा। बारिश के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है और लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। मौसम के बदले मिजाज ने ठंड की दस्तक का एहसास करा दिया है। लगातार बारिश के चलते आम लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं, बारिश के कारण फल-सब्जी विक्रेताओं, रेहड़ी-पटरी कारोबारियों और छोटे दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि बारिश के दौरान ग्राहक बाजारों में कम पहुंचते हैं, जिससे दिनभर दुकान खोलने के बावजूद बिक्री काफी कम हो जाती है। तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों को अब मौसम के जल्द सामान्य होने का इंतजार है। लगातार बारिश ने जहां जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है, वहीं मौसम में आई ठंडक ने आने वाले दिनों में बदलते मौसम का संकेत भी दे दिया है।









