हरिद्वार

परमिट नियमों का उल्लंघन करने पर 5 बसों के खिलाफ कार्रवाई, परिवहन विभाग का शिकंजा

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए हरिद्वार परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रविवार को चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान चार ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जबकि 25 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी शामिल है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, परमिट की शर्तों के उल्लंघन और मोटर वाहन नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई। मीडिया के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं का संज्ञान लेते हुए जमालपुर कलां क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे चार वाहनों को सीज किया गया। अधिकारियों के अनुसार, ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और इससे आमजन की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यात्री वाहनों की भी जांच की गई। परमिट की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। बस संचालकों को नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों और यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। विभाग की ओर से मालवाहक वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक भार ढोने, यात्री वाहनों में परमिट नियमों का उल्लंघन करने और सड़क सुरक्षा से जुड़ी अन्य अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुविधा बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से ओवरलोड वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहनों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की कि वे निर्धारित भार क्षमता, परमिट की शर्तों और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button