हरिद्वार

यूपी बॉर्डर पर सुरक्षा होगी और मजबूत, चिड़ियापुर पुलिस चौकी के नए भवन का लोकार्पण

एसएसपी नवनीत सिंह ने किया उद्घाटन, अपराधियों की घुसपैठ रोकने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में मिलेगी मदद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। उत्तर प्रदेश सीमा से सटी चिड़ियापुर पुलिस चौकी को नए भवन की सौगात मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आज सोमवार को थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत नवनिर्मित चौकी भवन का विधिवत पूजा अर्चना के साथ लोकार्पण किया। हाईवे पर स्थित यह चौकी कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। लोकार्पण के बाद एसएसपी ने चौकी परिसर का निरीक्षण कर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई चौकी के संचालन से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। साथ ही शातिर अपराधियों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखने, अपराध नियंत्रण करने और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नए भवन के शुभारंभ से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में एसपी क्राइम ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, थाना श्यामपुर का पुलिस स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button