हरिद्वार

कनखल में अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार

हिस्ट्रीशीटर पर हत्या के 3 मामलों समेत 22 मुकदमे दर्ज

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र की रविदास बस्ती में कथित तौर पर अवैध वसूली, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सब्जी, दूध और राशन विक्रेताओं से सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर धमकाने तथा ई-रिक्शा, टेंपो चालकों और ठेली-फड़ संचालकों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से रुपये मांगने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या के तीन मामलों समेत कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।

आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर की हरकतों से स्थानीय दुकानदार और छोटे कारोबारी परेशान थे। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि आरोपी कथित तौर पर लोगों में भय का माहौल बनाता था और खुद को तीन हत्याओं का आरोपी बताते हुए किसी के उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाने की बात कहकर धमकाता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पहले भी शांति भंग की आशंका के चलते हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उस पर दोबारा कथित रूप से अवैध वसूली और धमकी देने जैसी हरकतें करने के आरोप लगे।

पीड़ितों की शिकायत पर कनखल कोतवाली में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कटारिया पुत्र हुकम चन्द, निवासी रविदास बस्ती, थाना कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। उसके आपराधिक इतिहास में हत्या के तीन, गैंगस्टर एक्ट का एक, अवैध वसूली के तीन, छेड़खानी के दो, एनडीपीएस एक्ट का एक, अवैध हथियार के चार, गुंडा एक्ट के दो, शराब तस्करी के दो, लड़ाई-झगड़े व आगजनी के दो तथा धारा 110 जी के तहत दो मामले शामिल बताए गए हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में कनखल कोतवाली की पुलिस टीम शामिल रही। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, उपनिरीक्षक धनराम शर्मा, कांस्टेबल विशन चौहान और कांस्टेबल जितेन्द्र राणा शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और आम लोगों को डराने-धमकाने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button