हरिद्वार

स्वच्छता का संकल्प: 13 हजार लोगों की भागीदारी, 100 टन कचरा किया एकत्र

32 संस्थाओं को जिला प्रशासन ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में सामाजिक, धार्मिक, औद्योगिक और शिक्षण संस्थानों के साथ आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अभियान में सहयोग करने वाली 32 संस्थाओं को जिला प्रशासन ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व और निर्देशन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि अभियान में अब तक 13 हजार से अधिक लोग सहभागिता कर चुके हैं, जबकि प्रथम चरण के दौरान लगभग 100 मैट्रिक टन कूड़ा-कचरा एकत्रित कर उसके उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को भेजा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान में सहयोग करने वाले सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, संत समाज, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक एवं शिक्षण संस्थानों, नमामि गंगे, नगर निगम, स्वजल, जिला पंचायत तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता और जनपद को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए सभी वर्गों का सहयोग सराहनीय है। विशेष स्वच्छता अभियान के प्रथम चरण में उत्कृष्ट सहयोग करने वाली 32 संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें आदर्श युवा समिति, सोनिया फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट, एसबीएमए आईटीसी मिशन सुनहरा कल, शांतिकुंज, श्री गंगा सभा, सप्तऋषि आश्रम, श्री गुरु नानक देव जी घाट समिति, गंगा सेवा ट्रस्ट, रोटरी क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना, सेवा भारती, स्काउट्स एंड गाइड्स, विभिन्न आश्रम एवं सामाजिक संस्थाएं, एनसीसी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर सहित अन्य संस्थाएं शामिल रहीं। जिला प्रशासन ने सभी संस्थाओं एवं उनके प्रतिनिधियों के सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button