हरिद्वार

तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 127 चालान

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 127 चालान किए गए। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में 67 चालान किए गए, जबकि निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ ओवरस्पीडिंग के 60 चालान किए गए। चेकिंग अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग नहीं करने, निर्धारित सीमा से अधिक सवारी बैठाने तथा चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की टीम ने व्यावसायिक वाहनों की भी गहन जांच की। इस दौरान वैध परमिट के बिना वाहन संचालन, कर भुगतान के प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने तथा उत्तराखंड प्रवेश उपकर से संबंधित अनियमितताओं पर चालान किए गए। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और प्रभावी ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की गई। अभियान में परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी एवं परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तेज गति से चलने वाले वाहनों और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन पर चालक एवं पीछे बैठने वाली सवारी दोनों हेलमेट का प्रयोग करें तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। वहीं व्यावसायिक वाहन संचालकों से वैध परमिट, कर भुगतान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने की अपील की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा का आधार है। वाहन चालकों की लापरवाही से यदि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा प्रभावित होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button