त्योहारों को लेकर अलर्ट पुलिस प्रशासन, ज्वालापुर में अधिकारियों ने किया पैदल मार्च
नगर मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर ने संभाला मोर्चा, दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने की दी सख्त हिदायत
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी हरिद्वार और क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने पुलिस बल के साथ ज्वालापुर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी। वहीं पटाखा कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की दुकानें लगाएं अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी कर अतिक्रमण करने या निर्धारित स्थान के अलावा कहीं अन्य जगह पटाखों की दुकान लगाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पैदल भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने आमजन की सुरक्षा, बाजारों में सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और आमजन से त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान एसएसआई ज्वालापुर हर्ष अरोरा, रेल बाजार चौकी प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।









